सिंदरी के तुफान मिश्रा की जर्मनी में संदेहास्पद परिस्थिति में मौत परिजनों ने विदेश मंत्रालय और जिला प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

सिंदरी के तुफान मिश्रा की जर्मनी में संदेहास्पद परिस्थिति में मौत

परिजनों ने विदेश मंत्रालय और जिला प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

डीजे न्यूज, धनबाद : सिंदरी के रांगामाटी निवासी तपन मिश्रा के पुत्र तुफान मिश्रा की
जर्मनी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने  विदेश मंत्रालय और जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही परिजनों ने बेटे के शव को भारत लाने, मौत की निष्पक्ष जांच कराने और जर्मनी में मौजूद आठ महीने के बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। रविवार को गांधी सेवा सदन धनबाद में मीडिया को जानकारी देते हुए  तपन मिश्रा ने विदेश मंत्रालय और धनबाद के उपायुक्त को आवेदन देकर बताया है कि उनका पुत्र तुफान मिश्रा जर्मनी के बर्लिन में कार्यरत था। परिवार के अनुसार 5 जुलाई 2026 को शाम करीब पांच बजे बहू का फोन आया कि तुफान की तबीयत खराब है और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। कुछ देर बाद अस्पताल से तुफान मिश्रा की मौत की सूचना मिली।
परिजनों का आरोप है कि अब तक उन्हें अस्पताल की कोई मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। परिवार ने आशंका जताई है कि मामले में कई तथ्यों को छिपाया जा रहा है। उन्होंने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि तुफान मिश्रा का आठ महीने का बेटा भी जर्मनी में है, जिसकी सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित है।

परिवार ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार, जर्मनी प्रशासन और धनबाद जिला प्रशासन से मांग की है कि तुफान मिश्रा के शव को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए, मौत की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस आवेदन पर क्या कार्रवाई होगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top