अब तक 4 लाख 04 हजार 475 मतदाताओं को किया फॉर्म वितरित
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर 2026) के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म (ईएफ) वितरण में तेजी आई है।
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि धनबाद जिले के सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को ईएफ वितरण का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि अब तक 4 लाख 04 हजार 475 मतदाताओं को ईएफ वितरित किया जा चुका है।
ईएफ वितरण की विधानसभा वार जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि ईएफ वितरण में टुंडी सबसे आगे है। जहाँ 1,03,150 ईएफ बांटे जा चुके हैं। वहीं दूसरे स्थान पर सिंदरी है। सिंदरी में 74,439 ईएफ का वितरण किया गया है। जबकि निरसा में 74,396 ईएफ का वितरण पूरा हो चुका है। वहीं धनबाद विधानसभा में 58,067, झरिया में 51,662 तथा बाघमारा में 42,761 ईएफ का वितरण किया गया है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि ईएफ वितरण के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अपने-अपने विधानसभा में मतदान केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं, ताकि इस प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।