रामचंद्र और किशोरी ने थामा जमसं (बच्चा गुट) का दामन
डीजे न्यूज, धनबाद: कतरास मोड़ स्थित जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के केंद्रीय कार्यालय में शुक्रवार को दो नेताओं की संगठन में पुनः घर वापसी कराई गई। केडी 10/12 पिट कोलियरी के पूर्व शाखा सचिव रामचंद्र सिंह एवं किशोरी साव ने पुनः जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) का दामन थाम लिया। इस अवसर पर संगठन के महामंत्री अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने दोनों को माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया और संगठन की सदस्यता दिलाई।
रामचंद्र सिंह ने कुछ दिन पूर्व संगठन के महामंत्री को आवेदन देकर अपना त्यागपत्र वापस लेने तथा पूर्व की भांति संगठन में कार्य करने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने अपने आवेदन में बताया था कि वह करीब 20-25 वर्षों से स्वर्गीय बच्चा बाबू के नेतृत्व में जनता मजदूर संघ से जुड़े रहे हैं। कुछ परिस्थितियों के कारण उन्होंने संगठन छोड़ दिया था, लेकिन उनकी आस्था हमेशा जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के नेतृत्व में बनी रही। इसी विश्वास के साथ उन्होंने पुनः संगठन में वापसी की इच्छा जताई, जिसे स्वीकार करते हुए उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल किया गया। वहीं किशोरी साव ने भी जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) का दामन थामते हुए संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
महामंत्री अभिषेक सिंह ने कहा कि जनता मजदूर संघ अपने समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हमेशा सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि रामचंद्र सिंह और किशोरी साव की घर वापसी से संगठन और मजबूत होगा तथा मजदूर हितों की लड़ाई को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय संगठन सचिव मृणाल कांत सिंह, केंद्रीय सचिव जी.पी. सिंह, कुसुंडा क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।