बूथों पर पहुंचे उपायुक्त, विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का लिया जायजा

बूथों पर पहुंचे उपायुक्त, विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान का लिया जायजा

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)- अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव गुरुवार सुबह बारिश के बीच स्वयं बूथों पर पहुंचे। उन्होंने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 18 और 19 सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर घर-घर गणना प्रपत्र वितरण, प्रपत्र संग्रह, दस्तावेज सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और स्वयंसेवकों से अभियान की जानकारी ली तथा स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर गणना प्रपत्र भरवाना और सभी प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने नियमित समीक्षा, सतत निगरानी और बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने और प्रतिदिन अभियान की प्रगति की समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) तथा प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी भी लगातार क्षेत्र का दौरा कर गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण, दस्तावेज सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि “कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं।”

 

 

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top