जेबीसीसीआई-12 का जल्द गठन नहीं हुआ तो कंपनी का चक्का जाम करेंगे : संयुक्त मोर्चा
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : कोल इंडिया में जेबीसीसीआई-12 का शीघ्र गठन करने की मांग को लेकर बुधवार को लोदना क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य गेट पर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कोलकर्मियों ने प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की।
इस दौरान संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने कहा कि प्रबंधन अपना वेतन पुनरीक्षण (वेज रिवीजन) समय पर कर लेता है, लेकिन जब मजदूरों की बात आती है तो तरह-तरह के बहाने बनाए जाते हैं और कंपनी के घाटे में होने का हवाला दिया जाता है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रबंधन की ओर से गठित वार्ताकार परिषद उन्हें स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि एक जुलाई से वेज बोर्ड-12 की अवधि शुरू हो गई है। यदि प्रबंधन जल्द जेबीसीसीआई-12 का गठन नहीं करता है, तो श्रमिक किसी भी हद तक जाने को मजबूर होंगे।
सभी श्रमिकों ने एक स्वर में आह्वान किया कि यदि प्रबंधन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करता है, तो कंपनी का चक्का जाम किया जाएगा। प्रदर्शन में संयुक्त मोर्चा के नेताओं में जमसंघ से सुदर्शन प्रसाद, रायबाबू सिंह, हरीशचन्द्र सिंह, सुनील पासवान, रानी गोस्वामी एवं इस्माइल मल्लिक; राजकासंघ से राजकुमार साव, बालेश्वर साहनी एवं अहिल्या देवी; यूकोवयु से सांसद प्रतिनिधि श्रीराम गोराई, ध्रुब कुमार एवं मनीष सिंह; केआईएमपी से बिहारी लाल चौहान तथा राकोमसंघ से ओमप्रकाश ओझा एवं समरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कोलकर्मी उपस्थित थे।