गोविंदपुर की बिवरेजेस कंपनी में औचक निरीक्षण
विदेशी व देशी शराब के स्टॉक की हुई भौतिक जांच
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद) : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार बीती रात लगभग 1.30 बजे जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने शराब के स्टॉक की गड़बड़ियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविन्दपुर के देवली स्थित मेसर्स ब्लैक ब्रियू बिवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड में औचक निरीक्षण कर स्टॉक की भौतिक जाँच की।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि छापेमारी टीम ने रात्रि में प्रतिष्ठान के मुख्य गेट को खुलवाकर परिसर में प्रवेश किया। शुरुआती पूछताछ में गार्ड द्वारा बताया गया कि कंपनी के कर्मी शाम के बाद अपने आवास चले जाते हैं। इसके बाद अवर निरीक्षक उत्पाद-सह-प्रभारी उत्पाद पदाधिकारी ने प्रतिष्ठान के प्रबंधक को मोबाइल पर फोन करके मौके पर बुलाया। प्रबंधक के आने के बाद नियमानुसार स्टॉक के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि भौतिक सत्यापन के क्रम में जाँच टीम ने विदेशी एवं देशी शराब के गोदामों की बारीकी से जांच कर स्टॉक की गिनती की। जिसमें विदेशी शराब के गोदाम में ओल्ड हैबिट प्रीमियम व्हिस्की के 180 एमएल की 03 पेटियाँ, बॉटम्स अप व्हिस्की 180 एमएल की 03 पेटियाँ, ओल्ड हैबिट रम 750 एमएल की 852 पेटियाँ, 375 एमएल की 364 पेटियाँ और 180 एमएल की 1171 पेटियाँ पायी गई।
जबकि देशी शराब गोदाम के गोदाम में धनबाद नम्बर-01 300 एमएल की 458 पेटियाँ, झारखण्ड नम्बर-01 600 एमएल की 106 पेटियाँ और 200 एमएल की 255 पेटियाँ पायी गई।
उपायुक्त ने बताया कि भौतिक सत्यापन के दौरान जांच दल को कोई भी अवैध उत्पाद वास्तु अवैध रूप से रखा नहीं मिला। जो ब्रांड गोदाम में तथा फैक्ट्री में मिले वे कंपनी में संधारित पंजी से सत्यापन करने पर सही मिला।
उपायुक्त ने जिले में किसी भी प्रकार की वित्तीय या आबकारी अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की औचक कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी और जाँच अभियान में गोविन्दपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, निरीक्षक उत्पाद (सदर प्रक्षेत्र) देवीलाल सोरेन, अवर निरीक्षक उत्पाद जॉय हेंब्रम, अवर निरीक्षक उत्पाद जितेन्द्र कुमार, गोविंदपुर थाना के पुलिस बल एवं प्रतिनियुक्त गृह रक्षकों की संयुक्त टीम ने किया।