धनबाद के हिल कॉलोनी मजार में नई वक्फ कमेटी के पदभार को लेकर विवाद पुरानी समिति ने किया विरोध, पुलिस की मौजूदगी में संभाली गई स्थिति

धनबाद के हिल कॉलोनी मजार में नई वक्फ कमेटी के पदभार को लेकर विवाद

पुरानी समिति ने किया विरोध, पुलिस की मौजूदगी में संभाली गई स्थिति

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद के रेलवे रोड स्थित हिल कॉलोनी मजार शरीफ में नई वक्फ प्रबंधन समिति के पदभार ग्रहण को लेकर बुधवार को विवाद की स्थिति बन गई। नई समिति के सदस्य पदभार ग्रहण करने पहुंचे, लेकिन पुरानी समिति ने इसका विरोध कर दिया। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए धनबाद थाना और बैंक मोड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया।

मजार पर अपना मालिकाना हक जताने वाले अब्दुल वाजिद खान ने बताया कि झारखंड वक्फ बोर्ड के निर्देश और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में नई समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के समन्वय से एसडीएम, जिला कल्याण विभाग और पुलिस की मौजूदगी में नई समिति को पदभार ग्रहण कराया जाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरानी समिति पदभार सौंपने में सहयोग नहीं कर रही है।

वहीं पुरानी समिति के सचिव वाजिद खान ने नई समिति के गठन पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं अपनाई गई। उनका कहना है कि नियमों के अनुसार स्थानीय लोगों की भागीदारी और मतदान के माध्यम से समिति का गठन होना चाहिए था। उन्होंने अपने कार्यकाल में मजार के विकास कार्यों में खर्च किए गए करीब 1 लाख 80 हजार रुपये के भुगतान की भी मांग रखी।
मौके पर मौजूद सहकारिता पदाधिकारी सह दंडाधिकारी घनश्याम मंडल ने बताया कि उपायुक्त और एसडीएम के निर्देश पर उन्हें नई समिति को पदभार ग्रहण कराने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन दोनों पक्षों के बीच शांतिपूर्ण समाधान का प्रयास कर रहा है और सहमति नहीं बनने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top