देर रात धनसार थाना पहुंचे एसपी सिटी और डीएसपी औचक निरीक्षण के दौरान अभिलेखों से लेकर कानून-व्यवस्था तक की ली जानकारी

देर रात धनसार थाना पहुंचे एसपी सिटी और डीएसपी

औचक निरीक्षण के दौरान अभिलेखों से लेकर कानून-व्यवस्था तक की ली जानकारी

डीजे न्यूज, धनबाद: पुलिस अधीक्षक (नगर) ऋत्विक श्रीवास्तव ने बुधवार देर रात धनसार थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था)  प्रकाश सोय, थाना प्रभारी मनोहर करमाली सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने थाना परिसर, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, सीसीटीवी व्यवस्था, आगंतुक पंजी, स्टेशन डायरी तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना में दर्ज लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अनुसंधान की प्रगति तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। गंभीर अपराधों में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा वारंट एवं कुर्की के मामलों का शीघ्र निष्पादन करने पर बल दिया। साथ ही रात्रि गश्ती, वाहन जांच, बैंक, आभूषण दुकानों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर नियमित पुलिस निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसपी सिटी ने कहा कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए उसका त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जाए। आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार, पारदर्शी कार्यशैली और जवाबदेह पुलिसिंग ही धनबाद पुलिस की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को अनुशासन, समयपालन और टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा जनता में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के लिए सभी पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अंत में उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा कार्यालयीन कार्यों को और बेहतर बनाने के भी निर्देश दिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top