बिजली संकट से जुड़ी खबरें:
मुराईडीह कॉलोनी के लोगों ने किया प्रदर्शन
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बिजली की समस्या से जूझ रहे मुराईडीह कॉलोनी के लोगों ने गुरुवार को बिजली घर का घेराव कर प्रदर्शन किया। लो-वोल्टेज और बिजली कटौती से परेशान कॉलोनीवासियों ने बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कॉलोनी के लोगो ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन केवल नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन देता रहा है, जबकि जमीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। कॉलोनी वासियों के अनुसार, भीषण गर्मी में लो-वोल्टेज के कारण न तो पंखे सही ढंग से चल पा रहे हैं और न ही पानी की मोटर काम कर रही है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई, दैनिक जीवन और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। प्रबंधन की कथित लापरवाही और उदासीनता से परेशान होकर लोगों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुराने ट्रांसफार्मर को बदलकर नया और अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, तो आंदोलन और भी उग्र किया जाएगा। इस प्रदर्शन और घेराव में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल थे ।
—————————————
कतरासवासियों ने कतरास- करकेंद सड़क को किया जाम
कतरास: कतरास गद्दी मोहल्ला सहित पूरे पचगढ़ी बाजार में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों ने गुरुवार को कतरास-करकेन्द मुख्य मार्ग को चौधरी नर्सिंग होम के पास जाम कर दिया। इस जाम में सैकड़ो गाड़ियां फंस गई। हालांकि स्कूल वैन एवं एंबुलेंस को जाने दिया जा रहा था। कमला कुमारी ने बताया कि पिछले चार दिनों से इस भीषण गर्मी में बिजली की समस्या से हजारों की आबादी परेशान है। एसडीओ एवं जेईई को शिकायत करने पर रहते हैं कि कुछ ही देर में बिजली ठीक हो जाएगा। कई छोटे-छोटे बच्चों का तबीयत खराब हो गया है। बिजली बाधित रहने के कारण पानी का सप्लाई भी बाधित है। इसके अतिरिक्त अन्य कई रोजमर्रा के कार्य भी बाधित हो रहे हैं। कहा कि जब तक बिजली बहाल नहीं होगा तब तक सड़क जाम नहीं हटेगा।
वहीं कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने एसडीओ के साथ वार्ता करने एवं बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सड़क जाम हटा दिया गया। मौके पर बबलू विश्वकर्मा, ऋषभ गुप्ता, सूरज शर्मा, आदर्श कुमार, रवि शर्मा, छोटू केशरी, आदर्श सिंह, राकेश प्रसाद केशरी, चंदन केशरी आदि कई लोग मौजूद थे।