बिरनी में मौत का कोयला खेल
ओवरलोड बाइक का टायर फटा, चालक का पैर कटा, पुलिस बनी मूकदर्शक, रोज 200 बाइक से हो रही तस्करी
डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : बिरनी प्रखंड में अवैध कोयला कारोबार बेरोकटोक जारी है। गिरिडीह से प्रतिदिन 200 से अधिक बाइकों पर अवैध कोयला लादकर बिरनी थाना और भरकट्टा ओपी क्षेत्र के विभिन्न गांवों समेत दूसरे प्रखंड जमुआ, धनवार, सरिया और दूसरे जिले कोडरमा में खपाया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार सुबह करीब 7 बजे बड़ा हादसा करमाटांड-द्वारपहरी मुख्य मार्ग पर बिरनी के पेशम नदी के समीप हुआ। अवैध कोयला लदी बाइक का अचानक टायर फट गया। टायर फटने से बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस घटना में बाइक चालक का दायां पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घायल बाइक चालक गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के जगमनडीह गांव का रहने वाला है। उसके साथ अन्य लोग भी थे। घटना के बाद स्थल से अन्य लोग घायल को उठाकर इलाज के लिए धनबाद ले गए और कोयला व क्षतिग्रस्त बाइक को घर ले गए। घटना की सूचना भरकट्टा ओपी पुलिस को नहीं दी गई।
ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बिरनी और भरकट्टा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ईंट बनाने का काम छठ पूजा के बाद जोरों पर चलेगा। इसलिए अब से कोयला जमा कर रखा जा रहा है। इस क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार काफी फल-फूल रहा है। गिरिडीह के अवैध कोयला डिपो से रोज सैकड़ों बाइक पर 3 से 4 बोरा कोयला लादकर लाया जाता है। एक बाइक पर क्षमता से अधिक कोयला लादने से आए दिन सड़क हादसे होते हैं। ओवरलोड के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है और टायर फटने की घटनाएं आम हो गई हैं।
बताया गया कि इस मार्ग पर सुबह 4 बजे से ही कोयला लदी बाइकों का आना-जाना शुरू हो जाता है और सुबह 10 बजे तक चलता है। लेकिन बिरनी थाना और भरकट्टा ओपी पुलिस इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने के बजाय मूकदर्शक बनी हुई है। पुलिस की खामोशी पर अवैध कारोबार फल-फूल रहा है।
कई बार अवैध कोयला परिवहन की शिकायत पुलिस से की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। कभी-कभी दिखावे के लिए एक-दो बाइक पकड़कर खानापूर्ति कर दी जाती है।
भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि घटना की जानकारी नहीं है। क्षेत्र में अवैध कोयला का कारोबार नहीं होता है। कहीं यह कारोबार चलता है तो जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस क्षेत्र में कोई भी अवैध कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा।