बोलेरो की टक्कर से वनरक्षी गंभीर रूप से घायल, धनबाद रेफर

बोलेरो की टक्कर से वनरक्षी गंभीर रूप से घायल, धनबाद रेफर

लुरुनगो के पास हादसे के बाद वाहन लेकर चालक फरार, सदर अस्पताल में बिगड़ी हालत

डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह): बिरनी-डुमरी मुख्य मार्ग पर लुरुनगो के समीप बुधवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार वनरक्षी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घायल की पहचान बिरनी के बरहमसिया निवासी वनरक्षी विनोद कुमार के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार बाइक से ड्यूटी के सिलसिले में क्षेत्र भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब चार बजे गारागुरो-लुरुनगो-डुमरी मुख्य मार्ग पर सुनसान स्थान के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल वनरक्षी को सड़क से उठाकर तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से उन्हें सदर अस्पताल गिरिडीह पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों, परिजनों और डुमरी थाना पुलिस को दे दी गई है। घायल वनरक्षी के बड़े भाई एवं झामुमो नेता संतोष कुमार भी सदर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि विनोद की स्थिति गंभीर है। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद ले जाया जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top