रेलवे ने चलाया ‘प्लास्टिक मुक्त स्टेशन’ अभियान
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद रेल मंडल में चलाए जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के अंर्तगत गुरुवार को रेल प्रशासन एवं आईआरसीटीसी के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों की टीम ने स्टेशन परिसर में संचालित विभिन्न खान-पान स्टालों का निरीक्षण कर वेंडर्स एवं स्टाल संचालकों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्हें प्लास्टिक के चम्मच, कांटे, ग्लास, प्लेट एवं अन्य डिस्पोजेबल सामग्री के स्थान पर लकड़ी, बांस, गन्ने की खोई (बगास) तथा मिट्टी से निर्मित इको-फ्रेंडली कटलरी एवं कुल्हड़ों के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्टेशन परिसर स्थित सभी आईआरसीटीसी वेंडर्स, फूड प्लाजा एवं खान-पान स्टालों पर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतः समाप्त कर पर्यावरण-अनुकूल कटलरी के उपयोग को प्रोत्साहित करना था। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर्यावरण प्रदूषण का एक प्रमुख कारण है, जो मानव स्वास्थ्य एवं प्राकृतिक संसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। रेलवे को पूर्णतः ‘प्लास्टिक मुक्त’ बनाने की दिशा में सभी स्टालधारकों, वेंडर्स एवं यात्रियों की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।