टीटीई की सतर्कता से बिछड़ी बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सौंपा
डीजे न्यूज, धनबाद: पूर्णियां कोर्ट-हटिया कोसी सुपर एक्सप्रेस में ड्यूटी के दौरान टिकट जांच कर रहे टीटीई नवदीप कुमार एवं चन्दन कुमार को डी-2 कोच में एक छोटी बच्ची अकेली अवस्था में मिली। पूछताछ करने पर बच्ची ने अपना नाम नैंसी कुमारी बताया तथा जानकारी दी कि उसके माता-पिता हजारीबाग रोड स्टेशन पर उतर गए थे, जबकि वह अनजाने में ट्रेन में ही रह गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑन-ड्यूटी चेकिंग स्टाफ द्वारा तत्परता, सतर्कता एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया तथा उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया। बाद में पारसनाथ स्टेशन पर बच्ची के माता-पिता से संपर्क स्थापित कर पूरी जानकारी की पुष्टि की गई। इसके उपरांत बच्ची को आवश्यक देखरेख एवं सुरक्षा के साथ पारसनाथ स्टेशन के स्टेशन मास्टर को सुपुर्द किया गया, ताकि उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों को सौंपा जा सके। टिकट जांच स्टाफ द्वारा की गयी त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशीलता के कारण बच्ची को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जा सका। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं मानवीय सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।