झरिया में सांसद ढुलू ने की पदयात्रा, उमड़ा समर्थकों का सैलाब
विरोधी कितनी भी कोशिश कर लें मेरा दिमाग डायवर्ट होना वाला नहीं
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : कतरास मोड़ से चार नंबर टैक्सी स्टैंड तक के लिए आयोजित भाजपा की पदयात्रा एवं अभिनंदन समारोह में धनबाद के सांसद ढुलू महतो सम्मिलित हुए। आयोजन के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और जोश देखा गया। पदयात्रा के मार्ग में जगह-जगह समर्थकों ने सांसद का अभिवादन किया। मुख्य समारोह स्थल पर उपस्थित भाजपा नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने सांसद ढुलू महतो को पुष्पगुच्छ भेंट कर, अंग वस्त्र ओढ़ाकर और फूलों की माला पहनाकर उनका जोरदार नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान झरिया के प्रसिद्ध समाजसेवी राज चौहान ने सांसद के समक्ष भाजपा का दामन थामा।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि दो वर्ष का समय बीतने के बाद भी उन्हें जो अपार जनसमर्थन और सम्मान मिला है, उसके लिए वह झरिया की जनता का आभारी हैं। उन्होंने झरिया के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता ने अब यह स्पष्ट कर दिया है कि जो धरातल पर काम करेगा, सम्मान उसी का होगा। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि वह उन्हीं सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पित रहेंगे जो लोगों ने उनके लिए सोचे थे। सांसद ने अपनी ईमानदारी और निष्ठा पर जोर देते हुए कहा कि यदि वह भविष्य में कभी कुछ गलत करते हैं, तो जनता को पूरा अधिकार है कि वे रणधीर वर्मा चौक पर उनका पुतला दहन करें। अपने संबोधन के दौरान अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तार से ब्यौरा पेश किया। बताया कि उनके ही प्रयासों से गोविंदपुर और निरसा में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि रेलवे अंडर पास का निर्माण भी उनके ही कार्यकाल में सुनिश्चित किया जाएगा। धनबाद से देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए नई ट्रेनों के परिचालन के सपने को साकार करने का श्रेय भी उन्होंने अपने निरंतर प्रयासों को दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह लगातार विकास कार्यों से जुड़े रहे हैं और धनबाद की तस्वीर बदलना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
विपक्षियों और विरोधियों पर तीखा प्रहार करते हुए झरिया के एक घराने पर सांसद ने कहा कि उनका ध्यान विकास की राह से हटने वाला नहीं है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि विरोधी चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, ढुलू महतो का दिमाग डायवर्ट नहीं होगा। सांसद ने झरिया की जनता से हाथ जोड़कर भावुक अपील की कि वे झरिया के अस्तित्व को बचाने के लिए एकजुट रहें और कुछ रुपयों के लालच या चंद पैसों के झांसे में आकर अपना भविष्य दांव पर न लगाएं। सांसद ने धनबाद में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं और हत्याओं का मुद्दा उठाते हुए विरोधियों को घेरा। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि जब उन्होंने लगातार हो रही हत्याओं और कानून व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई, तो आखिर विरोधियों को इससे तकलीफ क्यों हुई। उन्होंने साफ किया कि वह जनता के हितों के लिए अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे और किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। भारतीय जनता पार्टी झरिया विधानसभा के द्वारा गुरुवार को झरिया नगर अध्यक्ष अवधेश साव की अध्यक्षता में समारोह का आयोजन किया गया। संचालन मयूरी द्विवेदी ने किया, सांसद का सम्मान समारोह झरिया चार नंबर टैक्सी स्टैंड में किया गया। कार्यक्रम झरिया कतरास मोड़ से पदयात्रा बकराहट्टा, लक्ष्मीनिया मोड़, सब्जी पट्टी, बाटा मोड़, देशबंधु सिनेमा हॉल होते हुए चार नंबर स्टैंड पहुंची इसके बाद सभा हुई। मौके पर राज चौहान, पूर्व पार्षद अनूप साहू, सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र प्रसाद, रंजन साहू, हरी साहू, धनबाद महानगर के अध्यक्ष श्रवण राय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजकुमार अग्रवाल, योगेंद्र यादव, सांसद प्रतिनिधि नितिन भट्ट, अजय निषाद, प्रियंका देवी, बच्चा गिरी, रुपेश सिन्हा, पांचो मंडल अध्यक्ष संतोष रवानी, अजय दास, सुनील पासवान, वीरेंद्र वर्मा, सुभाष महतो, अरुण साहू ,श्रवण राम चंद्रवंशी, सुनील साहू, संजू वर्मा, राज माली, अरुण गोस्वामी, अरुण जायसवाल, देवनारायण सिंह, श्याम सुंदर सोनकर,बलदेव पांडे, दिलीप आडवाणी, अजय वर्मा, भोला सेन मोदक, वीरेंद्र भुईयां, सुदर्शन बरनवाल, मंटु राम, मनोज साहू,अशोक बरनवाल, भोला यादव, शिवराज साहू, श्याम सुंदर अग्रवाल, कल्लु गुप्ता, रणजीत मिश्रा, अवंती देवी, उमा भट्टाचार्य, सुषमा गुप्ता, गणेश साहू,शत्रुघ्न मालाकार, प्रीतम शर्मा, बंटी जायसवाल,अनीता सिंह, रजनी देवी,लीला बावड़ी, पुष्पा देवी, अभिषेक सिंह, दिलीप माली, आदित्य रवानी, आदित्य रवानी, राम गोराई, धर्मेंद्र रवानी, विनोद पासवान, राजेश शर्मा, संजय वाल्मीकि, बुद्धू हरि, प्रेम राम, गणेश पासवान, प्रमोद तिवारी, मनोहर पासवान, करण चौहान, विनोद चौहान, महाकाल पांडे आदि थे।