सड़क दुर्घटना में जख्मी आइसक्रीम विक्रेता ने तोड़ा दम, टुंडी में सड़क जाम
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : सड़क दुर्घटना में जख्मी आइसक्रीम विक्रेता सूरज कुमार रवानी ने इलाज के क्रम में गुरुवार को रांची के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। इधर आक्रोशित लोगों ने टुंडी थाने के मुख्य द्वार के समक्ष शव को रखकर गोविंदपुर-गिरिडीह मार्ग को वहां जाम कर दिया। इससे करीब आधे घंटे तक आवाजाही ठप रही। बाद में टुंडी के थानेदार उमाशंकर ने समझाबुझा कर एवं सरकारी प्रावधान के तहत सहयोग दिलाने का वादा कर सड़क जाम हटाया।
विदित हो कि टुंडी ऊपर नगर निवासी सूरज कुमार रवानी एक सप्ताह पूर्व आइसक्रीम बेचकर घर लौटने के क्रम में टुंडी पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसा में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उसे टुंडी में प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद ले जाया गया था जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। मौत से आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे मुआवजा को लेकर गिरिडीह-गोविंदपुर मुख्य सड़क पर टुंडी थाना मुख्य द्वार के समीप शव रखकर जाम कर दिया। इसके बाद टुंडी अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल के निर्देश पर अंचल निरीक्षक, अंचल नाजिर पंकज कुमार एवं थाना प्रभारी उमाशंकर पहुंचे। फिर परिजन व ग्रामीणों के बीच आपसी वार्तालाप के बाद सरकारी प्रावधान के अनुसार सहायता तथा थाना प्रभारी ने अपने निजी मद से आर्थिक सहयोग के बाद सहमति बनी। थाना प्रभारी ने अपने निजी खर्च से पोस्टमार्टम कराने का भी आश्वासन दिया और सड़क जाम हटवाया। फिलहाल शव टुंडी पुलिस के कब्जे में है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा। युवक सूरज रवानी की करीब डेढ़ वर्ष पहले शादी हुई थी। उसकी चार माह की एक मासूम बेटी है। सूरज की मौत पर पत्नी समेत माता-पिता व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सड़क दुर्घटना में जख्मी आइसक्रीम विक्रेता ने तोड़ा दम, टुंडी में सड़क जाम
Advertisements