विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): डीएवी मॉडल स्कूल डिगवाडीह परिसर में विज्ञान प्रदर्शनी लगाई गई। यह आयोजन पीडीलाइट कंपनी के सौजन्य से एवं पीडीलाइट क्राफ्ट प्ले लर्न के अंतर्गत आयोजित किया गया।। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और प्रयोगात्मक सोच को बढ़ावा देना था।
उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या महुआ सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता व मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों की कल्पनाशक्ति और व्यावहारिक समझ को आकार देने का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने विचारों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत करने का बेहतरीन मंच प्रदान किया है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित होती है।
विद्यार्थियों की आयु और कक्षा के स्तर को ध्यान में रखते हुए इस प्रदर्शनी को दो ग्रुप में विभाजित किया गया था।
प्रथम ग्रुप: कक्षा 1 से कक्षा 4 तक के विद्यार्थी।
द्वितीय ग्रुप: कक्षा 5 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थी।
इस विज्ञान प्रदर्शनी में लगभग 500 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए एक से बढ़कर एक आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत, दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग तथा रचनात्मक कला-कौशल से जुड़े मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी के दौरान निर्णायक दल ने दोनों ग्रुप के प्रतिभागियों से संवाद किया और उनके मॉडलों के निर्माण की प्रक्रिया, उपयोग की गई सामग्री तथा उनके पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों को लेकर कई सवाल पूछे। बच्चों ने भी आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ निर्णायक मंडल के प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने पीडीलाइट क्राफ्ट प्ले लर्न टीम का आभार व्यक्त किया तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।