अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर होगी सख्त कार्रवाई : गिरिडीह उपायुक्त
डीजे न्यूज, गिरिडीह: जिले में पीसी एवं पीएनडीटी (PC & PNDT) एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन और इसके प्रावधानों के अनुपालन को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने बिना वैध लाइसेंस संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों एवं क्लीनिकों के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी एवं पीसी-पीएनडीटी समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की स्थिति, पंजीकरण एवं नवीनीकरण से संबंधित मामलों तथा पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने नए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के प्राप्त आवेदनों का सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने, पंजीकरण की स्थिति जांचने और आवश्यक अभिलेखों का उचित संधारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि लिंग चयन एवं भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में संलिप्त संस्थानों और व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने पीसी-पीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों एवं उद्देश्यों को लेकर प्रखंड और जिला स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और कानून का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित हो।