मुकुन्दा में बीसीसीएल को जमीन हस्तांतरण के विरोध में प्रदर्शन
आमसभा में प्रस्ताव खारिज
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : मुकुन्दा पंचायत भवन में अपर समाहार्ता धनबाद के पत्रांक 3173 तथा भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) लोदना क्षेत्र के महाप्रबंधक के पत्रांक 40 के आलोक में उत्तर तीसरा–दक्षिण तीसरा विस्तारिकरण परियोजना के बीओबी डंप हेतु भूमि बंदोबस्ती के मुद्दे पर एक महत्वपूर्ण आमसभा आयोजित की गई। आमसभा मुखिया रिंकू देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
सभा में अंचल अधिकारी मुरारी नायक, BCCL के एजीएम आलम, अंचल निरीक्षक आलोक राउत, पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक, उपमुखिया झाबु शंकर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक में मौजा मुकुन्दा (मौजा संख्या-153), हाल सर्वे खाता संख्या-429 के प्लॉट संख्या 2320, 2449, 3051, 3142 एवं 3245 की कुल 4 एकड़ 42 डिसमिल जमीन को सशुल्क BCCL को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई।
आमसभा शुरू होने से पहले पंचायत भवन के समक्ष ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में पंचायत की जमीन BCCL को देने के पक्ष में नहीं हैं।
पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक ने कहा कि हाल खाता 429 के प्लॉट संख्या 3142 एवं 3245 गांव का प्रमुख रास्ता है, जो मुकुन्दा पंचायत के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है। इस रास्ते को कंपनी को देने के सवाल पर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे हमेशा पंचायतवासियों के साथ खड़े रहेंगे।
सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए जमीन हस्तांतरण का विरोध दर्ज कराया तथा प्रशासन से पंचायत हित को प्राथमिकता देने की मांग की।
इस मौके पर सरवन महतो, कालीचरण महतो, संतोष मोदक, सुनील मोदक, अशोक मोदक, हीरालाल गोराई, प्रेमराज महतो, सुधन महतो, नेपाल महतो, कांति रवानी, नरेश रवानी, मधु महतो, परीक्षित महतो, त्रिलोचन महतो, लखन गोराई एवं जगदीश महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।