स्वास्थ्य मंत्री ने किया राज्य टॉपर रशीदा नाज़ को सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी शनिवार को झरिया के जामाडोबा स्थित राज्य टॉपर राशिदा नाज़ के आवास पहुंचे। उन्होंने उन्हें सम्मानित एवं पुरस्कृत कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मालूम हो कि रशीदा नाज़ ने जैक 12वीं परीक्षा 2026 में साइंस संकाय से झारखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे राज्य का नाम गौरवान्वित किया है। बेहद साधारण एवं संघर्षशील परिवार से आने वाली रशीदा के माता-पिता टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। सीमित संसाधनों, आर्थिक चुनौतियों और छोटे से एडबेस्टर के घर में रहकर भी उन्होंने अपनी बेटी को बेहतर शिक्षा देकर यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियां कभी भी बड़े सपनों की राह नहीं रोक सकतीं।
रशीदा का सपना सिविल सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना है। उनकी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की कहानी आज पूरे झारखंड के युवाओं और खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
रशीदा के घर पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भावुक नजर आए। उन्होंने उस छोटे से कमरे को देखा, जहां बैठकर रशीदा ने पढ़ाई की और पूरे राज्य में टॉप कर इतिहास रच दिया। मंत्री ने कहा कि जिस घर और कमरे में बैठकर बिटिया ने यह मुकाम हासिल किया, उसे देखकर मेरा सिर गर्व से ऊंचा हो गया। यह सफलता बताती है कि अगर इरादे मजबूत हों तो अभाव भी रास्ता नहीं रोक सकते।
उन्होंने कहा कि आज समाज को रशीदा जैसी बेटियों पर गर्व होना चाहिए। कठिन परिस्थितियों के बावजूद जिस तरह उन्होंने शिक्षा को अपना हथियार बनाया, वह लाखों बच्चों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
बेटियां आज हर क्षेत्र में इतिहास लिख रही हैं। जरूरत है उन्हें अवसर, सम्मान और सहयोग देने की। रशीदा नाज़ ने यह साबित कर दिया कि झारखंड की बेटियां किसी से कम नहीं हैं।
मंत्री ने रशीदा के माता-पिता के संघर्ष और समर्पण की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सीमित संसाधनों में भी अपनी बेटी के सपनों को टूटने नहीं दिया। ऐसे माता-पिता पूरे समाज के लिए मिसाल हैं।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने रशीदा की आगे की पढ़ाई एवं भविष्य के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, प्रतिभा और बेटियों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा मेधावी छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा।
डॉ. अंसारी ने कहा कि शिक्षा ही समाज को बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है और सरकार चाहती है कि राज्य का हर बच्चा, चाहे वह किसी भी आर्थिक पृष्ठभूमि से आता हो, अपने सपनों को पूरा कर सके।
इस अवसर पर संतोष कुमार सिंह, शमशेर आलम सहित कांग्रेस पार्टी एवं विभाग के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।