जनगणना देशहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य, लापरवाही स्वीकार नहीं : रामनिवास यादव
उपायुक्त ने एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय बेंगाबाद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया मुआयना
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय बेंगाबाद में आयोजित भारत की जनगणना 2027 से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, फील्ड ट्रेनर्स द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण तथा जनगणना कार्य की तैयारियों का विस्तार से अवलोकन किया। उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समझ और कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मौके पर उपायुक्त ने स्वयं प्रशिक्षण सत्र में भाग लेते हुए जनगणना कार्य में संलग्न सभी कर्मियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, पेयजल, रोजगार सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है। इसलिए इस कार्य में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त ने नजरी नक्शा तैयार करने, मकानों के सूचीकरण, मकानों की गणना तथा स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें तथा प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी व्यक्ति या परिवार जनगणना से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना 2027 का प्रथम चरण दिनांक 16 मई से 14 जून तक संचालित किया जाएगा। इस चरण में मकानों का सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक भवन, परिवार एवं उससे संबंधित आवश्यक जानकारियों का संकलन किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि सभी नागरिक 15 मई तक स्व-गणना प्रक्रिया का लाभ उठाएं तथा सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे जनगणना कार्य और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनेगा। उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मियों से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारियों को गंभीरता से आत्मसात करें और फील्ड में पूरी दक्षता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देशहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।