43 दिनों से धरना जारी, किसान जनता पार्टी की बैठक में नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

43 दिनों से धरना जारी, किसान जनता पार्टी की बैठक में नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप

अब चुनाव में नोटा का विकल्प चुनने का लें संकल्प

डीजे न्यूज, गिरिडीह : रजिस्टर टू की प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 43 दिनों से पपरवाटांड़ में जारी किसानों के धरने के बीच मंगलवार को किसान जनता पार्टी की ओर से धरना स्थन पर किसानों की बैठक हुई। बैठक में आगामी चुनाव में नोटा को समर्थन देने की रणनीति पर चर्चा की गई। किसानों ने कहा कि जमीन से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने से बड़ी संख्या में रैयत परेशान हैं।

बैठक में किजपा के केंद्रीय कमेटी अध्यक्ष सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि अंचल कार्यालय में रजिस्टर टू की प्रमाणित प्रतिलिपि के लिए किसानों से राशि ली जा चुकी है और नाजीर रसीद भी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड हाईकोर्ट ने 27 फरवरी 2024 को गिरिडीह जिले के सभी मौजा के रजिस्टर टू की प्रमाणित प्रतिलिपि उपलब्ध कराने का आदेश दिया था, लेकिन अब तक किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं पर जिला प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। किसान जनता पार्टी के संयोजक दासो मुर्मू ने कहा कि किसानों को जाति, धर्म और राजनीतिक दल से ऊपर उठकर अपने मुद्दों के आधार पर निर्णय लेना होगा। उन्होंने कहा कि किसान नेताओं से जमीन के दस्तावेज, दाखिल-खारिज, सरकारी स्कूल और अस्पताल समेत जनहित के मुद्दों पर जवाब मांगेंगे। कार्यालय सचिव विजय कुमार ने कहा कि किसान अब चुनाव में नोटा का विकल्प चुनने का संकल्प ले रहे हैं। बैठक में किसान नेता सनातन तिवारी को कथित धमकी दिए जाने की भी निंदा की गई और गांडेय पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई। बैठक में घनश्याम पंडित, संतोष चक्रवर्ती, संतोष बास्के, विक्रम मुर्मू, सरिता मरांडी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top