बलियापुर की खबरें:-
बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी रांची की टीम ने किया कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण
बलियापुर: बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी रांची की टीम ने मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया। टीम में निदेशक , प्रसार शिक्षा डॉ डी के शाही एवं निदेशक छात्र कल्याण डॉ बीके अग्रवाल शामिल थे।
निरीक्षण के क्रम में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। डॉ डीके शाही ने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशासनिक, वित्तीय एवं तकनीकी गतिविधियों की समीक्षा की। रिवाल्विंग फंड को बढ़ाने, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा आय सृजन गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर चर्चा किया । साथ ही आकस्मिक एवं संविदा कर्मियों के पारिश्रमिक का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। वहीं बीज उत्पादन, धान की खेती एवं उत्पादन, बागवानी फसलों का उत्पादन तथा आम, अमरूद के पौधों की नर्सरी एवं पौध तैयार करने जैसी गतिविधियों पर जोर देने की आवश्यकता बताया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ अनिल कुमार समेत केवीके के अन्य कृषि वैज्ञानिक मौजूद थे।
—————————————————
क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मत कार्य शुरू
बलियापुर: कुसमाटांड़ स्थित पीएचईडी विभाग के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से पुनः जल्द जलापूर्ति शुरू कराने के लिए मंगलवार को रखितपुर रेल अंडर ब्रिज के समीप क्षतिग्रस्त पाइप की मरम्मती का कार्य शुरू करवाया गया। यह कार्य विधायक चंद्रदेव महतो के पहल पर किया जा रहा है। मालूम हो कि झरिया रोड पर रखितपुर रेल अंडर ब्रिज के समीप पाइप क्षतिग्रस्त हो जाने से क्षेत्र में जलापूर्ति का कार्य काफी दिनों से ठप है। जिससे लोगों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पाइप की मरम्मती को लेकर प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, पंचायत समिति सदस्य हीरालाल मोदक, शीतल दत्त, विजय रजक आदि काफी सक्रिय हैं।
—————————————————-
पुण्यतिथि पर दिवंगत मुक्तेश्वर को अर्पित की श्रद्धांजलि
बलियापुर: दिवंगत भाकपा माले कार्यकर्ता मुक्तेश्वर महतो की दसवीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को प्रधानखंटा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान स्व महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। श्रद्धांजलि देने वालों में उनकी पत्नी मांदू देवी, उप मुखिया विमल महतो, पूर्व मुखिया जंग बहादुर महतो, भाकपा माले कार्यकर्ता कैलाश महतो, प्रकाश महतो, अधिवक्ता अनूप कुमार महतो, सिद्धेश्वर महतो आदि थे।
————————————————–
पीड़ित को मिला अंबेडकर आवास का लाभ
बलियापुर: सिंदूरपुर निवासी कमरुद्दीन अंसारी के मिट्टी का मकान पिछले साल भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद परिजन बेघर हो गए थे। क्षतिग्रस्त मकान में अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजन दूसरे के घर में पनाह लिए हुए थे। इसकी जानकारी विधायक चंद्रदेव महतो को मिलने पर उन्होंने सिंदूरपुर गांव जाकर स्थिति की जानकारी ली। विधायक के पहल पर प्रखंड कार्यालय की ओर से पीड़ित को अंबेडकर आवास की स्वीकृति दी गई। उनके नाम स्वीकृत आवास निर्माण कार्य का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। मौके पर विधायक प्रतिनिधि दिवस पांडे एवं अन्य कई लोग मौजूद थे।
————————————————–
शिविर में एक सौ लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
बलियापुर: भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को बलियापुर दुर्गा मंदिर प्रांगण में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक सौ से भी अधिक लोगों का स्वास्थ्य जांच के पश्चात आवश्यक दवाइयां दी गई। जांच शिविर में बलियापुर सीएचसी के प्रभारी डॉक्टर शुभम चौधरी, डॉक्टर विद्युत चक्रवर्ती, डॉ जे सिंह, डॉ आलोक आदि के द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। मौके पर भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहन कुंभकार, भाजपा नेत्री तारा देवी, पूर्व जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, धर्मजीत सिंह, जगदीश रवानी, आशीष मुखर्जी, मुखिया विजय गोराई, विजय रवानी, मलबोध रवानी, सुनील मोदक, राजेश मुखर्जी, नयन ठाकुर, गुहीराम पाल, बिरंची सिंह, प्रवीण मुखर्जी आदि थे।
—————————————————-
आजीविका के लिए स्वावलंबी बनने का आह्वान
बलियापुर: आजीविका महिला संकुल संगठन स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के प्रधानखंटा संकुल का एकदिवसीय सम्मेलन मंगलवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्रमुख आशा देवी एवं मुखिया सारथी बनर्जी ने किया। उप प्रमुख आशा देवी ने समूह से जुड़ी महिलाओं के आजीविका के लिए स्वावलंबी बनने की जरूरत बताया। महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर संगठन से जुड़ी काफी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।