24 अगस्त से छह चरणों में होगा निपुणता का आकलन, 3081 स्कूलों के विद्यार्थी होंगे शामिल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षता को परखने के लिए ‘मेरा विद्यालय निपुण और मैं भी निपुण 2.0’ कार्यक्रम के तहत मूल्यांकनकर्ताओं का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण गुरुवार को शुरू हुआ। सर जे.सी. बोस सीएमएसओई बालिका विद्यालय, गिरिडीह के सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों में मूल्यांकन के लिए चयनित 172 शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम, सहायक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रकाश कुमार, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रमण कुमार सिंह, प्रदीप कुमार रवानी तथा मास्टर ट्रेनरों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मास्टर ट्रेनर संजीव कुमार, संदीप कुमार पाठक, बैद्यनाथ महतो एवं ब्रजेश कुमार गुप्ता मूल्यांकनकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं।
जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम ने बताया कि कक्षा एक से पांचवीं तक के 3081 विद्यालयों एवं विद्यार्थियों का मूल्यांकन 24 अगस्त से छह चरणों में कराया जाएगा। उन्होंने मूल्यांकनकर्ताओं को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन करने की बात कही।
सहायक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रकाश कुमार ने कहा कि राज्य स्तर से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर मूल्यांकनकर्ताओं को मूल्यांकन से संबंधित गतिविधियों एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तर से मूल्यांकन कार्य की गतिविधियों का अनुश्रवण किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान मूल्यांकन की विभिन्न गतिविधियों, प्रक्रिया एवं मानकों को लेकर शिक्षकों को व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं की स्थिति का आकलन कर सीखने के स्तर में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है।