राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कार्यालय में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। इस दौरान “राजीव तेरा यह बलिदान, याद रखेगा हिंदुस्तान” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजीव गांधी के जीवन और उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का तकनीकी रूप से उन्नत भारत स्वर्गीय राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। वे स्वयं तकनीकी रूप से प्रशिक्षित थे और देश के विकास में विज्ञान एवं तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका को भली-भांति समझते थे। वक्ताओं ने कहा कि उनका प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल देश के लिए महत्वपूर्ण बदलावों का दौर रहा।
वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक भागीदारी का अवसर दिया। मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष करने, युवाओं को आगे लाने, पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने तथा सत्ता के विकेंद्रीकरण की दिशा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्रियों में शामिल थे और आधुनिक भारत के निर्माण को लेकर उनकी सोच काफी व्यापक थी।
वक्ताओं ने कहा कि पड़ोसी देशों में संकट के समय भी भारत ने उनके कार्यकाल में बड़े भाई की भूमिका निभाई। श्रीलंका और मालदीव से जुड़े मामलों में भारत की सक्रिय भूमिका इसका उदाहरण रही। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में देश को आधुनिक तकनीक और नई सोच से जोड़ने का प्रयास किया, जिसका प्रभाव आज भी देखने को मिलता है।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन और उनके विचार आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। उनकी जयंती पर पूरा कृतज्ञ राष्ट्र उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने की। मौके पर मोहम्मद अली खान, धनंजय सिंह, राजेश टूरी, वरुण सिंह, शेखर सिंह, अहमद राजा, नूरी मंजूर आलम अंसारी, साबिर खान, दिनेश्वर विश्वकर्मा, गोल्डी नाजरी, शाहनवाज आलम, सीताराम पासवान, बिलाल अहमद हुसैनी, सोहेल अख्तर, उदय सिंह, गोरू खान सहित कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।