झारखंड वित्त आयोग के अध्यक्ष के साथ ऑनलाइन बैठक
आय वृद्धि एवं प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण को लेकर वित्त आयोग के समक्ष रखीं मांगें
डीजे न्यूज, (धनबाद): धनबाद समाहरणालय सभागार में गुरुवार को ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से झारखंड वित्त आयोग के अध्यक्ष के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित किया गया। बैठक में जिला परिषद धनबाद की वित्तीय स्थिति, आय के स्रोत बढ़ाने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने रखीं प्रमुख मांगें
जिला परिषद की आय में वृद्धि
आर्थिक स्थिति को मजबूत करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए आय के स्थायी एवं अतिरिक्त स्रोत उपलब्ध कराने की मांग की गई।
जिला परिषद की दुकानों का निर्माण
जिला परिषद की खाली एवं उपलब्ध जमीन पर आधुनिक दुकानों का निर्माण कर राजस्व बढ़ाने तथा स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
मिनी टाउन हॉल का निर्माण
जिला परिषद क्षेत्र में बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों, प्रशिक्षण एवं जनहित के आयोजनों के लिए मिनी टाउन हॉल निर्माण की मांग की गई।
स्वतंत्र मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की नियुक्ति
जिला परिषद के कार्यों के प्रभावी संचालन, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला परिषद धनबाद में स्वतंत्र मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (CEO) की नियुक्ति की मांग प्रमुखता से रखी गई।
बैठक में झारखंड वित्त आयोग के अध्यक्ष ने सभी मांगों पर सकारात्मक सहमति जताते हुए कहा कि इन विषयों पर जल्द ही राज्य सरकार के स्तर पर वार्ता कर आवश्यक पहल की जाएगी।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह के साथ प्रखंड प्रमुखगण एवं उप विकास आयुक्त भी उपस्थित रहे।
शारदा सिंह ने कहा कि जिला परिषद को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है। जिला परिषद की आर्थिक एवं प्रशासनिक मजबूती से ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को और तेज किया जा सकता है।