10 दिवसीय प्रशिक्षण में निखरा हुनर, बेंत-बांस से उत्पाद बनाना सीखे 30 प्रशिक्षणार्थी

10 दिवसीय प्रशिक्षण में निखरा हुनर, बेंत-बांस से उत्पाद बनाना सीखे 30 प्रशिक्षणार्थी

डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : प्रखंड परिसर स्थित कारीघर भवन में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, रांची और सारथी सोसायटी फॉर स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप की ओर से आयोजित 10 दिवसीय बेंत एवं बांस उत्पाद निर्माण प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण के दो बैचों में कुल 30 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

मास्टर क्राफ्ट पर्सन दिलचंद रविदास ने प्रशिक्षणार्थियों को बेंत और बांस से विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान जहाज, झोपड़ी, घोंसला, ट्रे, पेन स्टैंड, फूलदान समेत कई तरह के उत्पाद तैयार करना सिखाया गया।

समापन समारोह में प्रखंड उद्यमी समन्वयक (बीईसी) दीपक पाण्डेय और सारथी सोसायटी के सचिव अमित कुमार जायसवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन कर उनके हुनर की सराहना की।

दीपक पाण्डेय ने कहा कि बेंत-बांस शिल्प के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपने हुनर को व्यवसाय से जोड़ने की अपील की।

अमित कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को हस्तशिल्प कारीगर के रूप में पंजीकरण कराने में सहयोग किया जाएगा। इसके अलावा उत्पादों की गुणवत्ता, बाजार से जुड़ाव और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी मार्गदर्शन जारी रहेगा।

प्रशिक्षणार्थियों ने सीखे गए हुनर को रोजगार का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भर बनने की प्रतिबद्धता जताई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top