बराकर नदी पर बेजड़ा पुल हुआ क्षतिग्रस्त, धनबाद से जामताड़ा मार्ग हुआ बंद
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : –कोयलांचल को संथाल परगना से जोड़ने वाली या यूं कहें कि धनबाद जिला को जामताड़ा से जोड़ने वाली बेजडा पुल का एक पाया क्षतिग्रस्त हो गया है। क्षतिग्रस्त पुल के कारण सड़क लगभग एक फीट नीचे धंस चुका है। बुधवार को सुबह लगभग नौ बजे अचानक बीच का एक पीलर बराकर नदी में दब गया और पूरब की ओर झुक गया। खतरनाक स्थिति में भी दिन के लगभग तीन बजे तक बेजडा पुल से हजारों वाहनों का आवागमन जारी रहा।
पूर्वी टुंडी प्रशासन को सूचना होने पर पूर्वी टुंडी अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल व थाना प्रभारी नीतीश कुमार जर्जर पुल की स्थिति देखने पहुंचे और पुल के दोनों छोर पर जेसीबी मशीन द्वारा ट्रेंच कटवा दिया ताकि राहगीरों का आवागमन पूरी तरह बंद रहे। नारायणपुर के सीओ अवीश्वर मुर्मू भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।विदित हो कि बराकर नदी पर स्थित बेजड़ा पुल के दोनों ओर दशकों से बालू का अवैध उत्खनन अनवरत होता आ रहा है।इधर हाल के दिनों में हुई बारिश के कारण बराकर नदी पर पानी का बहाव भी काफी तेज है। बालू उत्खनन के कारण पुल का पाया निचले हिस्से पर खोखला हो गया है।विगत तीन वर्ष पूर्व भी धनबाद जिला अन्तर्गत पुल का एक पाया क्रैक हो चुका है जिसके बाद प्रशासन द्वारा पोखरिया चौक पर व दूसरे छोर पर जुरगुडीह के पास भारी वाहनों का आवागमन बंद सम्बंधित सूचना बोर्ड भी लगाया जा चुका था बावजूद भारी वाहनों का आवागमन जारी था। वैकल्पिक रास्ता — सीओ व थानेदार ने लोगों से अपील की है कि धनबाद से जामताड़ा जाने वाले राहगीरों को अब मैरानवाटांड़ से कांसजोड़ पुल होते हुए लगभग पांच किमी की अधिक दूरी तथा करमदाहा पुल होते हुए लगभग 23 किमी अधिक दूरी तय करके जाना पड़ेगा।बेजडा़ पुल पर आवागमन फिलहाल जोखिम भरा है। इसलिए ट्रेंच कटवा कर पुल से आवागमन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है।