विस्थापित परिवारों की समस्याओं से रूबरू हुए बियाडा के पूर्व अध्यक्ष

विस्थापित परिवारों की समस्याओं से रूबरू हुए बियाडा के पूर्व अध्यक्ष

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): बियाडा के पूर्व अध्यक्ष बिजय कुमार झा ने सोमवार को बेलगड़िया का दौरा किया। उन्होंने यहां विस्थापित परिवारों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं से अवगत हुए। इस दौरान लोगों ने बिजली, पानी की भारी किल्लत और जर्जर हो चुके मकानों को लेकर अपना दर्द बयां किया।
​विस्थापितों ने आरोप लगाया कि जिन्हें बेहतर और सुरक्षित भविष्य का सपना दिखाकर यहां लाया गया था, वे आज बुनियादी जरूरतों के लिए भी तरस रहे हैं। कई मकानों के दरवाजे और अन्य ढांचागत हिस्से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। विजय कुमार झा ने मौके पर ही संबंधित प्रभारी से बात की, जहां बिजली और पानी की बदहाली का मुख्य कारण ट्रांसफार्मर की खराबीअ बताया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए झा ने कहा कि महज एक जगह से उठाकर दूसरी जगह शिफ्ट कर देना पुनर्वास नहीं कहलाता, जब तक कि वहां सम्मानपूर्वक जीने की सुविधाएं न मिलें।
​प्रशासनिक रवैये पर तीखा हमला बोलते हुए विजय कुमार झा ने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों को कम से कम 15 दिन बेलगड़िया में आकर रहना चाहिए। जब वे खुद यहां की नारकीय स्थिति का सामना करेंगे, तभी उन्हें विस्थापितों की असली तकलीफ़ समझ आएगी और बिजली-पानी जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार और संबंधित एजेंसियों की यह जिम्मेदारी है कि वे विस्थापितों को मूलभूत सुविधाएं बिना किसी रुकावट के उपलब्ध कराएं।
​दौरे के दौरान वार्ड संख्या-2 के पार्षद मोहम्मद शहाबुद्दीन, समाजसेवी गौतम मंडल और बंटी दत्ता सहित करीब 50 स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top