विश्व पर्यावरण दिवस प्रतियोगिता के विजेताओं को कुसुंडा जीएम ने किया सम्मानित
डीजे न्यूज, केंदुआ (धनबाद) : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कुसुंडा क्षेत्र के तत्वावधान में पिछले दिनों आयोजित चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को मंगलवार को सम्मानित किया गया। कुसुंडा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कुसुंडा के जीएम निखिल बी. त्रिवेदी ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कुसुंडा एजीएम ए.के. शर्मा भी उपस्थित थे।
बताया गया कि प्रतियोगिता में डीएवी कुसुंडा के छात्र-छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता तथा कुसुंडा क्षेत्र, बीसीसीएल के कर्मियों ने निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया था। प्रतियोगिता की विषय-वस्तु “प्रकृति से प्रेरित, हमारा जलवायु, हमारा भविष्य” विश्व पर्यावरण दिवस की थीम पर आधारित थी।
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कुसुंडा जीएम निखिल बी. त्रिवेदी ने कहा कि “विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति तथा कर्मियों के विचार पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को दर्शाते हैं। प्रकृति से प्रेरित सोच ही सतत विकास की आधारशिला है तथा विकास और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि हम प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आगे बढ़ें, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।”
निबंध प्रतियोगिता में कर्मियों के वर्ग में विद्यानाथ झा ने प्रथम, मोती महतों ने द्वितीय तथा नरेंद्र नाथ दत्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में डीएवी कुसुंडा की वर्षा कुमारी (कक्षा 11-ए) ने प्रथम, पल्लवी पांडे (कक्षा 9-सी) ने द्वितीय तथा कुंदन कुमार (कक्षा 10-डी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समारोह के दौरान सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।