उपायुक्त सहित अधिकारियों ने समाहरणालय में किया श्रमदान और पौधारोपण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के तहत गुरुवार को गिरिडीह समाहरणालय परिसर में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव समेत जिले के वरीय अधिकारियों और कर्मियों ने अभियान में हिस्सा लेकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के दौरान समाहरणालय परिसर के विभिन्न हिस्सों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। अधिकारियों और कर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर अनावश्यक कचरा एवं गंदगी हटाई। इसके साथ ही परिसर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। नगर आयुक्त ने भी अभियान में सहभागिता निभाई।
मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और सामूहिक सहभागिता से स्वच्छता के प्रति जागरूकता को मजबूत किया जा सकता है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों के साथ आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कचरे के उचित प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और अधिक से अधिक पौधारोपण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। अधिकारियों एवं कर्मियों की सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि स्वच्छ और सुंदर गिरिडीह के निर्माण में प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।