भाकपा-माले एवं बीसीकेयू ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती
जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के संघर्ष को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
डीजे न्यूज, धनबाद: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वी जयंती के अवसर पर रविवार को भाकपा-माले एवं बीसीकेयू (बिहार कोलियरी कामगार यूनियन) की ओर से भाकपा-माले धनबाद जिला कार्यालय टेंपल रोड पुराना बाजार में श्रद्धा और सम्मान के साथ जयंती समारोह मनाया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।भाकपा-माले राज्य कमेटी सदस्य एवं बीसीकेयू के केंद्रीय संगठन मंत्री कॉमरेड आनंदमयि पाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के महानायक ही नहीं, बल्कि ब्रिटिश साम्राज्यवाद, शोषण, सामंती उत्पीड़न और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के महान प्रतीक थे। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकार तथा स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष आज भी उतना ही प्रासंगिक है। आज देश में जल-जंगल-जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर कॉरपोरेट घरानों की बढ़ती लूट, आदिवासियों को उनकी जमीन से बेदखल करने की साजिश तथा मजदूरों और किसानों के अधिकारों पर लगातार हो रहे हमले के खिलाफ एकजुट संघर्ष की जरूरत है।कॉमरेड पाल ने कहा कि बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने का रास्ता वामपंथी विचारधारा, सामाजिक न्याय और शोषणमुक्त समाज की स्थापना के संघर्ष से होकर गुजरता है। हमें उनके उलगुलान के संदेश को आत्मसात करते हुए साम्राज्यवाद, पूंजीवादी शोषण, सांप्रदायिकता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ मजदूरों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और वंचितों की एकता मजबूत करनी होगी। उन्होंने आह्वान किया कि बिरसा मुंडा की जयंती को केवल श्रद्धांजलि दिवस तक सीमित न रखकर उनके अधूरे सपनों को पूरा करने और एक समानतामूलक, न्यायपूर्ण एवं शोषणमुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिवस बनाया जाए। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के संघर्षों को याद करते हुए उनके विचारों और आदर्शों पर चलने तथा मजदूर-किसान एवं आदिवासी अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रामलाल दा, राणा चट्टराज, विश्वजीत राय, बुटन सिंह, किरण मुखर्जी, जगदीश साव, शंभू साव, मुश्ताक खान, मुकेश रवानी आदि शामिल थे।