झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के पावन अवसर पर रविवार को धनबाद जिले के विभिन्न प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों में गरिमामयी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारियों , अंचलाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यालय कर्मियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित पदाधिकारियों और वक्ताओं ने धरती आबा के अदम्य साहस, संघर्ष और झारखंड के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

इस विशेष अवसर पर अलग झारखंड राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जिले के झारखंड आंदोलनकारियों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। प्रखंड एवं अंचल प्रशासन की ओर से सभी आंदोलनकारियों को शॉल, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

समारोह को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही आज हमें यह राज्य प्राप्त हुआ है। राज्य के सर्वांगीण विकास और भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का झारखंड बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, समाजसेवी और कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top