तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, पूर्व विधायक ने परिजनों को बंधाया ढांढस
डीजे न्यूज, गिरिडीह : डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घुजाडीह मीना जनरल हॉस्पिटल के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान बगोदर थाना क्षेत्र के पोखरिया निवासी स्व. धनी महतो के पुत्र चिता मणी महतो 55 वर्ष के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार चिता मणी महतो बाइक से लुकैया गए हुए थे. वापस लौटने के दौरान कुलगो टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना पर पहुंची डुमरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अज्ञात ट्रक की पहचान कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है. इधर घटना की जानकारी मिलने पर बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटना की जानकारी ली और मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो – रो कर बुरा हाल है.