नशे और सोशल मीडिया की लत से दूर रहें बच्चे, पुलिस ने दिए जागरूकता के टिप्स

नशे और सोशल मीडिया की लत से दूर रहें बच्चे, पुलिस ने दिए जागरूकता के टिप्स

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद,पलामू : राजकीयकृत मध्य विद्यालय के सभागार में गुरुवार को वर्ग छह, सात एवं आठ के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हुसैनाबाद थाना के एएसआई एवं महिला थाना प्रभारी ने बच्चों को नशामुक्त भारत, अशिक्षा के कारण बढ़ते अंधविश्वास तथा सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का अत्यधिक उपयोग बच्चों के स्वास्थ्य, पढ़ाई और व्यवहार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। सोशल मीडिया की लत से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इसके दुष्प्रभावों के कारण समाज में हिंसा और व्यभिचार जैसी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। बच्चों को इससे सतर्क रहते हुए अपने समय का सदुपयोग करने की अपील की गई।

नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि घर में कोई व्यक्ति नशे का सेवन करता है तो बच्चे उन्हें समझाएं और नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। उनके सकारात्मक प्रयास का निश्चित रूप से असर पड़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे राष्ट्र की नींव और भविष्य के निर्माता हैं। समाज को उनसे काफी उम्मीदें हैं, इसलिए वे अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहें।

पुलिस पदाधिकारियों ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या असामाजिक गतिविधि का सामना होने पर वे पुलिस प्रशासन से मदद ले सकते हैं। ऐसी स्थिति में थाना पहुंचने अथवा 112 नंबर पर सूचना देने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की मॉर्निंग असेंबली में कराए जाने वाले सामान्य ज्ञान, मेंटल एबिलिटी, केंद्रीय मंत्रिमंडल एवं राज्य मंत्रिमंडल से संबंधित प्रश्न भी बच्चों से पूछे गए। बच्चों की जानकारी और सक्रिय सहभागिता पर महिला थाना प्रभारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, वरीय सहायक अध्यापक राजेश कुमार सिन्हा, शिक्षिकाएं सुषमा पांडेय, आशा कुमारी, पूनम कुमारी तथा वरीय सहायक अध्यापिका रश्मि प्रकाश सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top