तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई कार, एक की मौत, तीन की हालत गंभीर

Advertisements

तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई कार, एक की मौत, तीन की हालत गंभीर

डीजे न्यूज, बगोदर/गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदर-सरिया रोड पर दोंदलो के समीप शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, जिससे कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान रेवा तुरी (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाटांड़ के निवासी थे। वहीं घायलों में यशोदा देवी, त्रिलोकी साव और बिंदवा देवी शामिल हैं, जो कोनार डैम चिदरी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सरिया की ओर से बगोदर की तरफ आ रही थी। इसी दौरान दोंदलो के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top