मुनीडीह कोल वाशरी हादसे की हो उच्चस्तरीय जांच : ज्ञान रंजन
सभी मृतकों के आश्रितों को मुआवजा व बीसीसीएल में दें स्थायी नियुक्ति
डीजे न्यूज, धनबाद : मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार को घटित हृदय विदारक घटना में स्लरी व मलबे में दबकर चार मजदूरों की मौत पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धनबाद ग्रामीण ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद और दर्दनाक बताते हुए कहा कि यह बीसीसीएल प्रबंधन की घोर लापरवाही, सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और गंभीर चूक का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल के आउटसोर्सिंग क्षेत्र में और कोलियरी क्षेत्रों में बढ़ती अवैध खनन गतिविधियों के कारण ऐसी दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जो अत्यंत चिंताजनक है। ज्ञान रंजन ने मांग की है कि मृतक मजदूरों के परिजनों को उचित मुआवजा और सभी मृतकों के परिवार के एक-एक सदस्य को बीसीसीएल में स्थायी नौकरी दी जाए। साथ ही उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेने और त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।