बेलगड़िया टाउनशिप में विद्युत सबस्टेशन का कार्य जल्द शुरू करने का निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: सोमवार को समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज एवं डीएफओ श्वेताब सुमन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता, संवेदक एवं पीएमयू के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में रानी रोड, ब्रह्मांडिह–करियो रोड, बिनोद बिहारी चौक से पॉलिटेक्निक रोड चौड़ीकरण, सर्किट हाउस रोड सहित अन्य विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, विद्युत आपूर्ति तथा पेयजल व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बेलगड़िया टाउनशिप में विद्युत सबस्टेशन निर्माण का कार्य जल्द से जल्द शुरू करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में आ रही बाधाओं का शीघ्र समाधान करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने तथा सभी कार्यों में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।