सेवानिवृत्ति के बाद भी चिकित्सा सेवा में मिसाल कायम कर रहे डॉ. सारस्वत, दिल्ली में मिला चिकित्सा रत्न अवार्ड

सेवानिवृत्ति के बाद भी चिकित्सा सेवा में मिसाल कायम कर रहे डॉ. सारस्वत, दिल्ली में मिला चिकित्सा रत्न अवार्ड

बीसीसीएल के पूर्व कार्यकारी चिकित्सा निदेशक को आईएमए साउथ दिल्ली ने किया सम्मानित, महावीर जैन चिकित्सालय में दे रहे चैरिटी सेवा

दो हजार से अधिक एंडोस्कोपी और डायलिसिस कर मरीजों को दे चुके हैं राहत, कोल इंडिया में 34 वर्षों तक दी सेवा

डीजे न्यूज, दिल्ली : सेवानिवृत्ति के बाद अधिकांश लोग अपने पेशेवर जीवन से विराम लेकर आराम करना पसंद करते हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो सेवानिवृत्ति को जीवन की नई पारी की शुरुआत मानते हैं और अपने अनुभव व सेवाभाव से समाज के लिए मिसाल कायम करते हैं। ऐसे ही व्यक्तित्व हैं डॉ. डीके सारस्वत। धनबाद स्थित बीसीसीएल के सेंट्रल हॉस्पिटल में सीएमएस और बीसीसीएल के कार्यकारी चिकित्सा निदेशक रह चुके डॉ. सारस्वत को चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिल्ली में प्रतिष्ठित चिकित्सा रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

साउथ दिल्ली स्थित होटल सूर्या में आयोजित आईएमए साउथ दिल्ली मेडिकोन-2026 कांफ्रेंस में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। आईएमए साउथ दिल्ली के अध्यक्ष एमके मुदगल और उपाध्यक्ष एलके त्यागी ने डॉ. सारस्वत को अवार्ड सौंपा। यह सम्मान चिकित्सा क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, समर्पण और मरीजों के प्रति सेवाभाव का परिचायक है।

दो हजार से अधिक एंडोस्कोपी और डायलिसिस कर चुके हैं

सम्मान समारोह में आईएमए की ओर से बताया गया कि डॉ. सारस्वत वर्तमान में महावीर जैन चिकित्सालय, दिल्ली-एनसीआर में चैरिटी सेवा दे रहे हैं। यहां अब तक वह दो हजार से अधिक एंडोस्कोपी और डायलिसिस कर चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी जरूरतमंद मरीजों को अपनी चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराकर वह समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

कोल इंडिया में 34 वर्षों तक दी सेवा

डॉ. सारस्वत ने कोल इंडिया में लगातार 34 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2014 में वह बीसीसीएल के कार्यकारी चिकित्सा निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद वह दिल्ली चले गए और महावीर जैन चिकित्सालय से जुड़कर चिकित्सा सेवा का सिलसिला जारी रखा।

धनबाद में अपने कार्यकाल के दौरान भी डॉ. सारस्वत मरीजों के प्रति समर्पण और बेहतर चिकित्सा सेवा के लिए जाने जाते थे। उन्होंने जहां भी अपनी सेवाएं दीं, वहां मरीजों के हित को प्राथमिकता दी। धनबाद में उनके योगदान को आज भी लोग याद करते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका सेवाभाव और सक्रियता यह संदेश दे रही है कि चिकित्सा पेशा महज रोजगार नहीं, बल्कि मानव सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top