सोन नदी के पानी पर झारखंड-बिहार में बनी सहमति, पलामू-गढ़वा को मिलेगा सिंचाई और पेयजल का लाभ

सोन नदी के पानी पर झारखंड-बिहार में बनी सहमति, पलामू-गढ़वा को मिलेगा सिंचाई और पेयजल का लाभ

डीजे न्यूज, नई दिल्ली : बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे मुद्दे के समाधान की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण समझौता हुआ। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे से संबंधित समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे।

समझौते के तहत बिहार को 5.75 मिलियन एकड़ फीट (MAF) और झारखंड को 2.00 MAF जल आवंटित करने पर सहमति बनी है। इस समझौते से झारखंड के पलामू, गढ़वा समेत आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोन नदी के जल बंटवारे से जुड़े विवाद के समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समझौते से राज्य के जल संसाधनों को मजबूती मिलेगी और संबंधित क्षेत्रों के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, बिहार के उपमुख्यमंत्री, झारखंड के जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन, झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव प्रशांत कुमार, नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल समेत केंद्र और दोनों राज्यों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top