सिहोडीह-सिरसिया के पटेल नगर में बारिश का कहर, घरों में घुसा नाली का पानी, लोग परेशान
डीजे न्यूज, गिरिडीह : लगातार हो रही बारिश ने सिहोडीह-सिरसिया के पटेल नगर में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. इलाके के कई घरों और दुकानों में नालियों का गंदा पानी घुस गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से ही घरों के अंदर घुटने भर तक पानी भर गया है. रसोई, बेडरूम तक में पानी घुसने से खाने-पीने और रहने में दिक्कत हो रही है. घरों में रखा अनाज, कपड़े और अन्य सामान भी पानी में भीगकर खराब हो गया है. वहीं गली-मोहल्ले की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं. जलजमाव के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. कई दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों को दुकान बंद करनी पड़ी है.
मोहल्ले वासियों ने बताया कि हर साल बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन नाली की सफाई और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की जा रही है. लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से जल्द पानी निकासी की मांग की है.