मां के पट खुलते ही खुरचुट्टा दुर्गा मंडप में उमड़ा आस्था का सैलाब
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : नवरात्र की महाअष्टमी पर मां दुर्गा का पट खुलते ही सरिया प्रखंड के खुरचुट्टा दुर्गा मंडप में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दिव्य दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पट खुलते ही पूरा मंडप परिसर मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा और चारों ओर भक्तिमय माहौल छा गया।
बंदखारों/चिरुवां कपिलो पंचायत अंतर्गत स्थित खुरचुट्टा दुर्गा मंडप में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। भक्तों ने मां दुर्गा के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी पूरे श्रद्धाभाव से मां के दरबार में माथा टेकते नजर आए।
मंडप परिसर में उमड़ी भीड़ के बीच मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मां के प्रति लोगों की अटूट आस्था और विश्वास पूजा मंडप में उमड़ रही भीड़ के रूप में नजर आया।
श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। खुरचुट्टा दुर्गा मंडप में दर्शन-पूजन के साथ पूरे क्षेत्र में दुर्गोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है।