सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केन्दुआडीह में रक्तदान शिविर का आयोजन
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), केन्दुआडीह में स्वास्थ्य विभाग एवं स्थानीय प्रशासन के सक्रिय सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पुटकी अंचल अधिकारी सह सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी विकास आनंद द्वारा स्वयं स्वैच्छिक रक्तदान कर किया गया। उनकी इस पहल ने उपस्थित लोगों और युवाओं को इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान शिविर के उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केन्दुआडीह में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कर उनके प्रति संवेदनशीलता और देखभाल का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएचसी केन्दुआडीह के चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।