सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने आगे आए ग्रामीण
जेसीबी से चाहरदीवारी को करवाया ध्वस्त
डीजे न्यूज, गोविंदपुर(धनबाद): गोविंदपुर थाना अंतर्गत मुर्गाबनी पंचायत के फुफुआडीह मौजा की 31 एकड़ भूमि की सीमेंटेड बाउंड्री को ग्रामीणों ने जेसीबी लगाकर ध्वस्त करवा दी। इस दौरान विधायक अरुप चटर्जी उपस्थित रहे। जमीन की चहारदीवारी तोड़े जाने को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और विधायक के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। विधायक ने कहा कि फुफुआडीह की सरकारी भूमि की सीमेंटेड चाहरदीवारी अधिकारियों की मिलीभगत से कर दी गई थी । इस सरकारी भूमि से चाहरदीवारी को हटवाने के लिए ग्रामीण गोविंदपुर अंचल कार्यालय से लेकर अपर समाहर्ता कार्यालय तक लंबे समय से दौड़ लगा रहे थे परंतु अधिकारियों ने ग्रामीणों की नहीं सुनी । इसके बाद ग्रामीण विधायक के पास गए और सरकारी जमीन की रक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने इस मामले को गोविंदपुर अंचल अधिकारी से लेकर अपर समाहर्ता तक तक कई बार रखा और इस सरकारी जमीन को बचाने की अपील की। कहा कि जब सरकारी जमीन की रक्षा करने वाले ही कब्जा करने वाले के साथ मिल गए तो ग्रामीणों को खुद जमीन की रक्षा के लिए उतरना पड़ा। ग्रामीणों के बुलावे पर वह बुधवार को पहुंचे और जेसीबी लगाकर चाहर दिवारी तोड़ी गई । उन्होंने कहा कि अब इस जमीन पर किसी भी हालत में चाहरदीवारी होने नहीं दी जाएगी। इस मामले को लेकर वह मुख्यमंत्री और भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री तक ले जाएंगे। सरकारी जमीन को हर हाल में बचाया जाएगा । इतनी बड़ी सरकारी जमीन की लूट की छूट किसी को नहीं दी जाएगी । इसके लिए उन्हें जो करना पड़ेगा, वह करेंगे । जमीन के कथित मालिक त्रिलोचन सिंह एवं एग्रीमेंट होल्डर संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि तीन जेसीबी मशीन द्वारा जमीन का समतलीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान विधायक ग्रामीणों के साथ वहां पहुंच गये एवं जबरन उसी जेसीबी के द्वारा बाउंड्री वॉल को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। बार-बार अनुरोध करने के बावजूद काम बंद नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना 112 में कॉल करके पुलिस को दी । इसके बाद पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन की।