सलैया स्टेशन रोड की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, रेलवे अधिकारियों ने किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : रेलवे विभाग के प्रतिनिधि रविवार को धनबाद से गिरिडीह पहुंचे और सलैया रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने सड़क की जर्जर स्थिति और ट्रेनों के ठहराव नहीं होने की समस्या उठाई। अधिकारियों ने लोगों की बातें सुनकर मामले को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान सलैया संघर्ष मोर्चा के नेता राजेश सिन्हा सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान लोगों ने सलैया स्टेशन रोड और न्यू गिरिडीह स्टेशन रोड की खराब हालत पर नाराजगी जताई। स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए हटिया-आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा गोड्डा-दिल्ली एक्सप्रेस के सलैया स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क और ट्रेन सुविधा के अभाव में विद्यार्थियों, व्यापारियों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धनबाद से पहुंचे रेलवे इंटेलिजेंस अधिकारियों ने क्षेत्र का जायजा लेने के बाद बताया कि सड़क निर्माण के लिए जरूरी एनओसी संबंधित कार्यालयों को भेज दी गई है और जल्द आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैठक में राजेश सिन्हा ने बताया कि रेलवे विभाग के प्रतिनिधि दोपहर एक बजे सलैया पहुंचे थे। गौतम सोनी ने कहा कि सलैया का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। तुलसी राणा ने कहा कि सलैया स्टेशन रोड का निर्माण हर हाल में होना चाहिए। वहीं करण कृपालु और कन्हैया खेतान ने लोगों से आंदोलन में एकजुट रहने की अपील की।
मौके पर मिथिलेश पांडेय, दीपक पांडा, छोटू राणा, सुधांशु भदानी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने न्यू गिरिडीह और सलैया स्टेशन रोड के शीघ्र निर्माण की मांग दोहराई।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव नहीं होने के कारण उन्हें न्यू गिरिडीह स्टेशन जाना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों का नुकसान उठाना पड़ता है। लोगों को उम्मीद है कि निरीक्षण और ज्ञापन के बाद रेलवे विभाग जल्द ठोस कदम उठाएगा।