सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को दी गई विदाई, भावुक हुईं महिलाएं
जोड़ापोखर क्षेत्र के सभी 18 पूजा पंडालों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ दुर्गोत्सव
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): जोडापोखर थाना क्षेत्र में शारदीय दुर्गा पूजा हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। बुधवार को क्षेत्र के सभी 18 दुर्गा पूजा पंडालों से मां दुर्गा की प्रतिमाओं को सिंदूर खेला की रस्म के बाद भावपूर्ण विदाई दी गई। मां की विदाई के दौरान माहौल भक्तिमय हो गया और कई महिलाएं भावुक नजर आईं।
विदाई से पहले महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सिंदूर खेला में भाग लिया। एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहाग, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इसके बाद गाजे-बाजे और जयकारों के बीच मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भक्तों ने मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए नम आंखों से उन्हें विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।
जोड़ापोखर क्षेत्र के डिगवाडीह, जामाडोबा, फुसबंगला, भागा, जेलगोड़ा, जीतपुर सहित विभिन्न इलाकों में स्थापित प्रतिमाओं का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
दुर्गोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा के समापन के साथ ही मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए भक्तों ने अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की प्रतीक्षा शुरू कर दी।