“शून्य बजट प्राकृतिक खेती” प्रणाली से अवगत हुए किसान

“शून्य बजट प्राकृतिक खेती” प्रणाली से अवगत हुए किसान

​डीजे न्यूज, धनबाद: नमामि गंगे योजना के अंतर्गत ‘शून्य बजट प्राकृतिक खेती’ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को धनबाद में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी प्रखंडों से 74 किसानों ने भाग लिया।

​कार्यशाला में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के प्रधान सह वरीय वैज्ञानिक डॉ. अनिल कुमार ने किसानों को “शून्य बजट प्राकृतिक खेती” प्रणाली की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण दिया। उन्होंने इसके चार प्रमुख घटकों—बीजामृत, जीवामृत, मल्चिंग एवं वाप्सा की उपयोगिता, प्रयोग की विधि और खेती में इनके महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

​जिला कृषि पदाधिकारी, धनबाद अंजना कुमारी ने कहा कि शून्य बजट प्राकृतिक खेती में रासायनिक खाद, कीटनाशक और महंगे बाहरी कृषि इनपुट के बिना फसल उत्पादन पर जोर दिया जाता है। इसमें कम पानी की खपत और देशी गाय आधारित कृषि पद्धति को अपनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इससे मिट्टी की उर्वरता व स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ खेती की लागत और कर्ज का बोझ कम करने में मदद मिलेगी, जिससे किसानों की आय एवं मुनाफा बढ़ने की संभावना रहती है।

​कार्यशाला के दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं वैज्ञानिकों के समक्ष रखीं, जिनका डॉ. अनिल कुमार ने समाधान किया और आवश्यक सुझाव दिए।
​
इस अवसर पर नमामि गंगे के जिला परियोजना पदाधिकारी राजू कुमार, भूमि संरक्षण पदाधिकारी शिव कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश कुमार, LDM कार्यालय धनबाद के रोशन आनंद, उप परियोजना निदेशक (आत्मा, धनबाद) मोती लाल रजक, पौधा संरक्षण निरीक्षक मनीष कुमार, केवीके के डॉ. आदर्श श्रीवास्तव, सभी प्रखंडों के BAOs, BTMs, ATMs सहित 74 किसान उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top