800 एनसीसी कैडेट्स ने ली यातायात नियमों के पालन की शपथ

800 एनसीसी कैडेट्स ने ली यातायात नियमों के पालन की शपथ

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कॉलेज परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें धनबाद जिला अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों व संस्थानों से आए लगभग 800 एनसीसी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार एवं ट्रैफिक सार्जेंट प्रवीन कुमार ने कैडेट्स को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

सत्र के दौरान कैडेट्स को तेज गति (ओवरस्पीडिंग) पर नियंत्रण रखने तथा नशे या नींद की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल नहीं करने और गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में ड्राइविंग से बचने, मोड़ पर हमेशा इंडिकेटर व हॉर्न का समुचित उपयोग करने तथा आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठे व्यक्ति दोनों के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने एवं सड़कों पर स्टंटबाजी से दूर रहने की हिदायत दी गई।

साथ में ‘गोल्डन आवर’ (दुर्घटना के शुरुआती एक घंटे) के महत्व पर जोर देते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने वाले ‘गुड सेमेरिटन’ नीति और ‘हिट एंड रन’ से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य व्यक्तियों को सड़क सुरक्षा नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा अपने परिवार व आस-पड़ोस के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस से सार्जेंट प्रवीण कुमार, भारतीय सेना से ब्रिगेडियर दीपक गौर, कमांडिंग ऑफिसर अनिमेष झा, जेसीओ सूबेदार राजेंद्र प्रसाद सैनी, जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top