असंगठित मजदूरों ने आउटसोर्सिंग कंपनी का काम किया बाधित
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र के बेनीडीह कोलडंप में रोड सेल के लिए कोयला आपूर्ति करने की मांग को लेकर असंगठित मजदूर मंगलवार को आंदोलन पर उतर आए। मजदूरों ने ब्लॉक टू क्षेत्र के अंतर्गत संचालित अम्बे आउटसोर्सिंग व रेल्वे साइडिंग में कामकाज बाधित कर दिया। असंगठित मजदूर नेता गोपाल चौहान के नेतृत्व में आंदोलनरत मजदूरों का कहना था कि ट्रकों में कोयला लोडिंग कर रोजी रोटी का जुगाड़ करते हैं। प्रबंधन द्वारा समय पर कोयला उपलब्ध नहीं कराने के कारण डीओ कम लग रहा है । इससे सैकड़ो मजदूरों के समक्ष भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। कई घरों में चूल्हा जलना बंद हो गया। आउटसोर्सिंग का कार्य बाधित रहने की सूचना पर बीसीसीएल अधिकारी वहां पहुंचे और वार्ता की।
प्रबंधन की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिए के बाद आंदोलन खत्म हुआ और कामकाज शुरू हो पाया। मौके पर गोपाल चौहान , बच्चू भुइयां, बजरंगी चौहान, मनोज सिंह, राजू चौहान, नानाजी, पन्नालाल चौहान, देवानंद भुइयां सहित अन्य लोग मौजूद थे।