इंडिया गठबंधन में गांठ के संकेत, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतिवाद मार्च से झामुमो ने किया किनारा

इंडिया गठबंधन में गांठ के संकेत, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रतिवाद मार्च से झामुमो ने किया किनारा

ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी के लिए कांग्रेस और माले ने गिरिडीह में किया प्रतिवाद मार्च, पूर्व विधायक द्वय राजकुमार यादव व विनोद सिंह तथा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने भाजपा पर साधा निशाना 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में इंडिया गठबंधन ने मंगलवार को गिरिडीह में प्रतिवाद मार्च निकाला। मार्च में कांग्रेस और माले के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। झामुमो ने इस प्रतिवाद मार्च से खुद को अलग रखा। इससे इंडिया गठबंधन में गांठ पड़ जाने का संकेत मिला है। इस कार्यक्रम को लेकर पूर्व में हुए प्रेस कांफ्रेंस में भी झामुमो का कोई नेता नहीं पहुंचा था। इस पर कांग्रेस और माले के नेताओं ने सफाई दी थी कि प्रतिवाद मार्च में झामुमो शामिल होगा।

इधर झंडा मैदान से शुरू हुआ मार्च पहले नटराज चौक स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पहुंचा, जहां नेताओं ने पुष्पहार अर्पित किया। इसके बाद कारवां टावर, काली बाड़ी चौक और बड़ा चौक होते हुए गांधी चौक पहुंचा, जहां गांधी की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण किया गया तमाम नेताओं के संबोधन के बाद मार्च समाप्त हुआ और सभा आयोजित की गई।

प्रतिवाद मार्च में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सतीश केडिया, पार्टी के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र सिंह, माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह, धनंजय सिंह, मुखिया मो. समीम, राजेश सिन्हा, मनोज यादव, डॉ. समीर राज चौधरी, अशोक विश्वकर्मा, मोहम्मद मुनीर, मोहम्मद सोहेल, मनोज राय, रणधीर चौधरी, नागेश्वर मंडल, मोहम्मद अली खान, मोहम्मद निजामुद्दीन अंसारी और जयंती कुमारी समेत बड़ी संख्या में दोनों दलों के कार्यकर्ता मौजूद थे। इंडिया गठबंधन का आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान विपक्षी मतदाताओं के नाम जबरन मतदाता सूची से हटाए गए, जिससे चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हुई। सभा को संबोधित करते हुए माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि चुनाव आयोग का पद संवैधानिक है और ज्ञानेश कुमार को देश के चुनाव आयुक्त की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया से छेड़छाड़ की। उनकी तत्काल बर्खास्तगी व गिरफ्तारी की मांग की। वहीं पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने एसआईआर के नाम पर लोगों के नाम काटने का काम किया और फॉर्म-6 के नाम पर नई अधिसूचना जारी की, जिसका सुप्रीम कोर्ट ने भी विरोध किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने संविधान की धारा 326 के विरुद्ध काम किया है। उन्होंने उनकी तत्काल उनकी गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे, मतदाता सूची में सुधार और जनतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए नारेबाजी की। सभा का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने किया और धन्यवाद ज्ञापन माले के राजेश सिन्हा ने किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top