शिक्षा का दूध जो पियेगा, उसे मुकाम मिलेगा : मंत्री हफीजुल हसन

शिक्षा का दूध जो पियेगा, उसे मुकाम मिलेगा : मंत्री हफीजुल हसन
मोहम्मदी चेरिटेबल ट्रस्ट ने विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित
डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : बिरनी प्रखंड अंतर्गत कुसमय पंचायत स्थित थोरिया फुटबॉल मैदान में शनिवार की शाम मोहम्मदी चेरिटेबल ट्रस्ट, बिरनी के द्वारा आयोजित एक भव्य विद्यार्थी सम्मान समारोह में झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि “शिक्षा का जो दूध पियेगा, उसे मुकाम मिलेगा।” इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में झारखंड बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि हफीजुल हसन और विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक विनोद सिंह उपस्थित थे।
अपने संबोधन में मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि
> “बच्चे देश का भविष्य हैं। जो पढ़ेगा, वही आगे बढ़ेगा। शिक्षा ही वह हथियार है जो जीवन की दिशा बदल सकती है। झारखंड सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए 156 योजनाएं चला रही है। विदेश में पढ़ाई की चाह रखने वाले छात्रों को सरकार आर्थिक सहयोग देती है। गरीब बच्चों के लिए ‘गुरुजी क्रेडिट कार्ड’ योजना चलाई जा रही है।”
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा महिला सम्मान योजना के तहत दी जा रही राशि शिक्षा और स्वरोजगार के लिए है, न कि गहनों या विवाह समारोह के खर्चों के लिए।
“बेटियां पढ़ेंगी तो कई पीढ़ियां शिक्षित होंगी” – विनोद सिंह
पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि
> “घर की एक बेटी पढ़ेगी, तो कई पीढ़ियां शिक्षित होंगी। शिक्षा से ही देश का विकास संभव है। आने वाली पीढ़ियों को सही रास्ता दिखाने में शिक्षा की भूमिका सबसे बड़ी है।”
सम्मानित हुए दर्जनों छात्र-छात्राएं
इस अवसर पर 10वीं और इंटर पास छात्रों को सम्मानित कर उनकी उच्च शिक्षा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. वसीम अंसारी ने की जबकि संचालन अतहर अंसारी ने किया।
उपस्थित गणमान्य लोग
इस कार्यक्रम में सीओ संदीप मधेसिया, संस्थान के अध्यक्ष इसाक दर, सचिव मिनहाज अंसारी, महासचिव एजाज अहमद, कोषाध्यक्ष इलियास अंसारी, झामुमो नेता बरकत अली, उपप्रमुख शेखर शरण दास, मुखिया रेहाना खातून, साजदा शबनम, मो. अबास, मुबारक अंसारी समेत दर्जनों स्थानीय बुद्धिजीवी और समाजसेवी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top